Weather Update Today: देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार उत्तर बंगाल की खाड़ी में बनने वाले कम दबाव के क्षेत्र के कारण पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में बारिश की गतिविधियां तेज होने वाली हैं। बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और कई अन्य राज्यों में 20 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तर भारत के कई हिस्सों में भी रुक-रुक कर बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है।
Weather Update Today: बंगाल की खाड़ी में बनेगा नया वेदर सिस्टम
IMD के मुताबिक उत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट पर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इस सिस्टम के सक्रिय होने से पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर राज्यों और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश की तीव्रता बढ़ेगी। इसका सबसे अधिक असर ओडिशा, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में देखने को मिलेगा।
Weather Update Today: बिहार और झारखंड में 20 जुलाई तक भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार बिहार में 15 से 20 जुलाई तक लगातार बारिश का दौर जारी रहेगा। सप्ताह के दूसरे हिस्से में कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं झारखंड में 15 से 17 जुलाई के बीच कई स्थानों पर तेज बारिश होने का अनुमान है। निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका भी जताई गई है।
Weather Update Today: ओडिशा में रेड अलर्ट
ओडिशा के लिए IMD ने अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। लगातार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।
Weather Update Today: पूर्वोत्तर राज्यों में भी जारी रहेगा बारिश का दौर
असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में पूरे सप्ताह भारी बारिश का अनुमान है। कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क संपर्क प्रभावित हो सकता है।
Weather Update Today: दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और यूपी का मौसम
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 18 जुलाई तक रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। 19 और 20 जुलाई को बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहेगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 17 जुलाई तक और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 20 जुलाई तक कई स्थानों पर अच्छी बारिश होने का अनुमान है।
Weather Update Today: उत्तराखंड और हिमाचल में बढ़ेगी बारिश
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में पूरे सप्ताह बारिश जारी रहने की संभावना है। 16 जुलाई के बाद बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है। 18 से 20 जुलाई के बीच कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
Weather Update Today: राजस्थान और मध्य भारत का मौसम
पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में 20 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। वहीं मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। छत्तीसगढ़ में 18 से 20 जुलाई के बीच व्यापक बारिश की संभावना जताई गई है।
Weather Update Today: दक्षिण भारत में कैसा रहेगा मौसम
तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल और रायलसीमा में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हालांकि इन राज्यों में लगातार भारी बारिश के बजाय छिटपुट बारिश का दौर जारी रहेगा। तटीय आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में उमस बनी रह सकती है।
15 जुलाई को कहां होगी बारिश और कहां बढ़ेगी उमस? IMD ने जारी किया नया मौसम अपडेट
Weather Update Today: दिल्ली में रहेगा उमस भरा मौसम
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन तेज बारिश की संभावना फिलहाल कम है। अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
Weather Update Today: किसानों के लिए IMD की महत्वपूर्ण सलाह
भारी बारिश वाले राज्यों के किसानों को खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है ताकि धान, मक्का, दलहन, तिलहन और सब्जियों की फसलों को जलभराव से बचाया जा सके। जिन क्षेत्रों में भारी बारिश का अलर्ट जारी है वहां बुवाई, रोपाई, सिंचाई, उर्वरक और कीटनाशक के छिड़काव जैसे कृषि कार्य फिलहाल टालने की सलाह दी गई है।
इसके अलावा तेज हवा और गरज-चमक वाले क्षेत्रों में कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखने, तिरपाल से ढंकने और फलदार पौधों को सहारा देने की सलाह दी गई है। पशुपालकों को भी पशुओं को सुरक्षित शेड में रखने और चारे को सूखी जगह पर सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है.
